शव मिलने के बाद ग्रामीणों से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
नजरापुर(कन्नौज)। लापता युवक का सात दिन बाद नदी किनारे झाड़ियों में शव मिला है। कुत्तों ने नोचकर शव क्षत विक्षत कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिवार के लोगाें को मौके पर बुलाया। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने गांव के एक युवक पर हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है।
तिर्वा कोतवाली के सतौरा गांव निवासी तौकीर अहमद (20) पुत्र अकील अहमद एक फरवरी को लापता हो गए थे। खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला। पांच फरवरी को अकील अहमद ने तिर्वा कोतवाली में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार दोपहर ग्रामीणों ने ढिलौरी गांव के सामने ईशन नदी किनारे झाड़ियों में शव देखा। शव को कुत्ते नोच रहे थे। ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अकील अहमद को मौके पर बुलाया। उन्होंने तौकीर की शिनाख्त की।
मृतक के पिता ने रंजिश के चलते गांव के युवक पर हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है। कोतवाली प्रभारी टीपी वर्मा ने बताया कि छानबीन में मृतक को मिर्गी का दौरा पड़ने की जानकारी हुई है। इससे नदी में गिरने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट वजह सामने आ सकेगी।