तालग्राम विद्युत उप केंद्र की इनकमिंग मशीनों में रविवार सुबह फाल्ट होने से कसबा तालग्राम समेत दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई।
माधौनगर के संजय, मजीद अली, गदोरा के रघुवीर, रामकिशन, तेजराम, फिरोजपुर के नत्थू सिंह, विशंभर सिंह, वैसापुर के पूर्व प्रधान कन्हैयालाल, नरेंद्र कुमार, भवानी सराय के रामानंद, सलेमपुर के प्रिंस, प्रमोद ने बताया कि सोमवार सुबह बिजली गुल हो गई।
जब जेई, एसडीओ, एसएसओ व लाइनमैन को फोन किए तो उनके मोबाइल बंद थे। इस पर पावर हाउस जाकर पता किया तो बताया कि मशीनें खराब हो गई हैं। मरम्मत चल रही है लेकिन बिजली आपूर्ति के बारे में जानकारी नहीं दी गई।
बिजली गुल होने से कंप्यूटर सेंटर संचालकों का काम बंद हो गया। अमोलर, तालग्राम समेत अन्य पानी की टंकियों से होने वाली पेयजलापूर्ति भी बंद रही। इससे लोगों को पानी के लिए जूूझना पड़ा।
गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग समस्या का समाधान कराने के बजाय केवल हवाई भाषणबाजी कर रहा है। ठोस योजना बनाकर बिजली आपूर्ति सुधारी जाए वरना उग्र आंदोलन कर अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
वीवीआईपी जिले में भले ही 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे हो रहे हों पर हकीकत में मात्र दो घंटे ही बिजली मिल रही है। गर्मी के तेवर तीखे होते ही बिजली की मांग बढ़ गई, जिससे विभाग के दावों की कलई खुल गई है।
कटौती का आलम यह है कि 24 घंटे में महज दो घंटे ही बिजली मिल रही है। किसान योगेंद्र द्विवेदी, प्रभात कुमार, संजय द्विवेदी, शिवशंकर द्विवेदी, पवन कुमार, दिनेश चंद्र ने बताया कि मक्का की फसल सूख रही है।
कुदरत के कहर के बाद अब अधिकारियों की कामचोरी और नेताओं की निष्क्रियता से किसान तबाह हो रहा है। डीएम ने किसी भी सूरत में फोन बंद न रखने के फरमान दिए हैं पर बिजली विभाग के ज्यादातर फोन अभी भी बंद हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी नलकूप भी बंद हैं।
आपरेटर भी सिंचाई के लिए पानी दे पाने में असमर्थता जता रहे हैं। अनौगी फीडर पर जब किसान जाते हैं तो कटौती होने की बात कही जाती है।
इन दिनों नदसिया, गौरियापुर, अनौगी, बदलेपुरवा, पछाएपुरवा, पछपुकरा, मतौली, अलीनगर, पकरा, बहादुरपुर गांव में मात्र दो घंटे ही बिजली मिल रही है। किसानों ने जिलाधिकारी व क्षेत्रीय विधायक से अनौगी फीडर की जांच कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की गुहार लगाई है।
220 केवी सब स्टेशन में आए फाल्ट से कन्नौज और फर्रुखाबाद की बिजली गुल हो गई। मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल हो पाई।
उ.प्र. विद्युत पारेषण 220 केवी के जेई योगेशचंद्र तिवारी ने बताया रविवार को 10:37 बजे 132 केवी लाइन कन्नौज में अचानक आए फाल्ट से यार्ड में जंपर उड़ गए और क्लिप जल गई। इसके कारण 160 एमवीए के दोनों ट्रांसफार्मर आटोमेटिक ट्रिप हो गए।
जनपद कन्नौज सहित फर्रुखाबाद की भी विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। तत्काल ही इसकी सूचना पनकी कंट्रोल कानपुर को देकर वहां से शट डाउन लिया गया।
यार्ड में क्लिप बदलकर और नए जंपर बांधने के बाद शट डाउन करके दोपहर 11:20 बजे दोनों जिलों की आपूर्ति बहाल कर दी गई। जेई ने बताया कन्नौज की 132 केवी लाइन में कहीं पर अर्थिंग मिलने से ओवर करंट के चलते यह हादसा हुआ था।