व्यापारी से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
एसडीएम के नेतृत्व में पूर्ति विभाग ने राशन कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष की दुकान पर छापा मारा। इस दौरान राशन वितरण में अनियमितता मिली। मामले में पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर सदर कोतवाली में राशन कालाबाजारी और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सदर कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पूर्ति निरीक्षक कन्नौज चक्रपाणि मिश्र ने कहा कि मंगलवार को उन्होंने एसडीएम सदर सुनील कुमार शुक्ला, जिलापूर्ति अधिकारी संतोष सिंह, चौकी प्रभारी मानीमऊ उमेश चौरसिया के साथ उचित दर राशन विक्रेता उदैतापुर निवासी घनश्याम दुबे की दुकान पर छापा मारा।
इस दौरान स्टाक चेक किया गया। स्टाक रजिस्टर के अनुसार विक्रेता ने हाट गोदाम कन्नौज से 26 अप्रैल को माह मई 2016 के सापेक्ष गेहूं अंत्योदय 11.25 क्विंटल, चावल 15 क्विंटल, गेहूं पात्र गृहस्थी योजना 76.93 क्विंटल, चावल गृहस्थी योजना 32.97 क्विंटल उठान किया था।
इसका सत्यापन एक मई को लेखपाल ने किया। इस तरह विक्रेता ने गेहूूं 89.63 क्विंटल, चावल 47.97 क्विंटल, चीनी 4.97 क्विंटल उठान की। मौके पर 178 पैकेट गेहूं, 86 पैकेट चावल व 1.5 क्विंटल चीनी उपलब्ध पाई गई। राशन विक्रेता ने 5 क्विंटल चावल, 3.37 क्विंटल चीनी की कालाबाजारी कर ली।
अभिलेख मांगने पर उपलब्ध नहीं कराए। निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों से पेशबंदी करते हुए अभद्रता की। साथ ही देख लेने की धमकी दी। उधर, राशन कोटेदार घनश्याम दुबे का कहना है कि निरीक्षण में कोई कमी नहीं पाई गई है। अधिकारियों ने कोई अभिलेख नहीं मांगे। उन्होंने अधिकारियों से कोई अभद्रता नहीं की।