जिला अस्पताल में कोरोना जांच करता कर्मचारी।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले में कोरोना संक्रमण चरम पर है। सोमवार को मेडिकल कालेज में तीन महिलाओं की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। 144 पॉजिटिव मिले हैं। वहीं अस्पताल व होम आइसोलेशन में 229 लोगों ने कोरोना को मात दी है। जिले में अब एक्टिव केस 1942 पहुंच गए हैं।
जिले में कोरोना से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। मेडिकल कालेज तिर्वा में छिबरामऊ निवासी धनदेवी(55), इंदरगढ़ निवासी सरला देवी(67) व पुष्पा सिंह(65) की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई। यह मौतें रविवार की रात व सोमवार को हुई हैं। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 6220 पहुंच गई है। पिछले साल से अब तक 4209 लोग ठीक हुए हैं। 72 लोगों की मौत हो चुकी है। आम लोगों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी संक्रमित हो रहे हैं। इनमें मेडिकल कालेज में तीन, सीएचसी जलालाबाद में एक, सीएचसी गुरसहायगंज में एक, सीएचसी तिर्वा में एक, छिबरामऊ में चार, हसेरन में एक कर्मचारी संक्रमण की चपेट में है।
वहीं एसपी प्रशांत वर्मा ने पूरे जिले की पुलिस को सक्रिय किया है। उन्होंने कहा कि चौराहों पर खड़े होकर मास्क न लगाने वालों पर कार्रवाई करें। लॉकडाउन के दौरान बेवजह घर से निकल रहे लोगों पर भी कार्रवाई की जाए। इससे कि लोग लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन कर सकें।