छिबरामऊ। नगला राजन गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक किसान परिवार के दो घरों में चोरी की वारदात अंजाम दी। पड़ोसी की सीढ़ी लगाकर घर में घुसे चोर नगदी औैर जेवर समेट ले गए। परिवार ने प्रेमपुर पुलिस चौकी में सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
नगला राजन गांव में रहने वाले किसान सर्वेश कुमार पुत्र गुरुदयाल सिंह सरायप्रयाग में अपने मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर में पत्नी सुमन व छोटे भाई सुखराम की पत्नी आरती मौजूद थीं। रात में किसी समय चोरों ने गांव के सुरेश कुमार के घर के बाहर रखी सीढ़ी उठाकर सर्वेश के मकान में लगा दी। इसके बाद छत पर चढ़ गए। चोरों ने सर्वेश के मकान से एक जोड़ी झुमकी, करधनी, सोने की दो और चांदी की तीन अंगूठी, दो जोड़ी तोड़ियां व एक हजार रुपये पार कर दिए। इसके अलावा चोरों ने छोटे भाई सुखराम के मकान से सोने की जंजीर, दो अंगूठी, मंगलसूत्र, बृजवाला, करधनी, चांदी की दो अंगूठी, तीन जोड़ी पायलें व नगदी पार कर दी। इसके साथ ही सुखराम की दस वर्षीय बेटी वैष्णवी की गुल्लक भी चुरा ले गए। गुल्लक में लगभग 65 हजार रुपये थे। सर्वेश की सूचना पर चौकी इंचार्ज योगेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चोरी के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ की।