छिबरामऊ। फर्रुखाबाद जनपद में चल रहे राम नगरिया मेले में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया गया। कार्यक्रम में सेनानियों के वंशजों को सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय जुगुल किशोर सक्सेना के वंशज पौत्र हिमांशु सक्सेना ने कहा कि विरासत में मिली चीजों को सहेज कर रखना प्रत्येक युवा का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से शासन और प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाई जा सकती है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को संगठित होना होगा। संचार क्रांति के इस युग में सभी सेनानी वंशज क्रांतिकारी बुजुर्गों के इतिहास को आपस में शेयर करें ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनके बलिदान के बारे में जानकारी हो सके। ताकि आने वाली युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा मिल सके। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के जिलाध्यक्ष रितेश शुक्ला, महामंत्री अरविंद शुक्ला, संस्था के संरक्षक बॉबी दुबे, शहीद मेला बेवर के आयोजक राज त्रिपाठी तथा इंदौर से राहुल इंकबाल को भी सम्मानित किया गया।