क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं
ले रही हैं। बीती रात दुकान बंद कर घर जा रहे गल्ला व्यापारी को बीच रास्ते
में बाइक समेत गिराने के बाद बदमाशों ने तमंचे की नोक पर 10 हजार से अधिक
रुपये की नगदी लूट ली। व्यापारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े तो
बदमाश भाग निकले।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव धीरपुर
निवासी कैलाश नाथ पुत्र श्यामलाल की पट्टी गांव में गल्ला (अनाज) की दुकान
है। बताया जाता है कि रविवार की शाम करीब सात बजे वह अपनी दुकान को बंद
करने के बाद गांव स्थित घर जा रहे थे।
बताया जाता है कि रास्ते में गांव के
निकट पहुंचने पर मनोज कटियार के खेत के पास सड़क पर चार बदमाशों ने एकाएक
बाइक सवार पर हमला बोल दिया, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। व्यापारी
के अनुसार, इसके बाद बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और उसे दबोचकर तमंचा तान
दिया। इसके बाद उसके पास मौजूद 10 हजार 130 रुपये लूट लिए।
बताया कि
लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने उसको पीटा भी। इसी दौरान उसे घसीटकर ले
जाने लगे तो वह चीख पड़ा। इस पर आसपास के लोग मौके की ओर भागे। इस पर खुद
को घिरता देख बदमाश भाग खड़े हुए। पीड़ित व्यापारी ने मुकदमा दर्ज कर
बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ठठिया थाने में तहरीर दी है।