कोतवाली में एचसीपी से जानकारी लेती कानपुर पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर में तैनात सहायक श्रमायुक्त नासिर अली की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उनकी दूसरी पत्नी ने कानपुर के नजीराबाद थाने में पति के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कानपुर पुलिस ने उनके नगर स्थित पैतृक आवास पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिले।
शुक्रवार को कानपुर के नजीराबाद थाने के एसएसआई अजय पाल सिंह कोतवाली पहुंचे। उन्होंने बताया कि पीसीएस अधिकारी नासिर अली की पत्नी आलिया सिद्दीकी ने उनके थाने में यौन शोषण सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। उच्चाधिकारियों ने पीसीएस अधिकारी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। थोड़ी देर बाद कोतवाली पुलिस के साथ कानपुर पुलिस नगर के मोहल्ला बिरतिया पहुंची और सहायक श्रमायुक्त नासिर अली के आवास पर दबिश दी। पुलिस को वहां कोई नहीं मिला। उन्होंने मोहल्लेवासियों से जानकारी करनी चाहिए तो सभी ने अनभिज्ञता प्रकट की।
ज्ञात हो कि मोहल्ले बिरतिया निवासी नासिर अली पीसीएस अधिकारी हैं और वह इस समय बिजनौर में सहायक श्रमायुक्त के पद पर तैनात हैं। उनकी पहली शादी नगर के मोहल्ला कोलियान निवासी शैजा खान से हुई थी। उन्हें तलाक देकर उन्होंने दूसरी शादी कानपुर की आलिया सिद्दीकी के साथ की थी। शादी के बाद उसकी आलिया से भी पटरी नहीं खाई और उन्होंने उसे भी छोड़ दिया। दोनों पत्नियों ने सहायक श्रमायुक्त के खिलाफ अलग-अलग थानों में केस दर्ज कराए हैं। पुलिस का कहना है कि कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं, जिसके आधार पर सहायक श्रमायुक्त की तलाश की जा रही है।
पहली पत्नी ने फर्रुखाबाद में दर्ज कराया मुकदमा
छिबरामऊ। सहायक श्रमायुक्त नासिर अली की पहली पत्नी शैबा खान ने फर्रुखाबाद के थाना मऊदरवाजा में ससुरालीजनों के खिलाफ उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। नगर के मोहल्ला कोलियान निवासी अच्छन खान की पुत्री शैबा खान ने बताया कि नासिर अली के साथ उसकी शादी 14 मार्च 2015 को हुई थी। शादी के बाद ससुरालीजनों ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। पति नासिर, ससुर साबिर, सास रुखसाना, देवर हामिद व आमिर दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। जबरन गर्भपात भी करवाया दिया। 12 अप्रैल 2016 को घर से निकाल दिया। कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गंगाइच अपनी रिश्तेदारी में रहने लगी। समझौते के बहाने ससुरालीजनों ने एक मई को बुलाकर मारपीट की। फर्रुखाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।