गुरसहायगंज (कन्नौज)। कस्बे के एक नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान प्रसूता की हालत बिगड़ने व शिशु की मौत हो जाने के मामले में परिजनों ने कोर्ट के आदेश पर तीन चिकित्सकों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के तिर्वा रोड के इंद्रानगर निवासी शराफत खां ने आरोप लगाया कि एक मई को पत्नी इशरत जहां को खांडेदेवर स्थित सराफत हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। आरोप है कि डॉ. इमरान अली ने जच्चा-बच्चा की जान का खतरा बताते हुए जबरन ऑपरेशन कर दिया। जिससे नवजात की मौत हो गई और प्रसूता की पेशाब नली कट गई।
आरोप है कि ऑपरेशन के नाम पर डॉक्टरों ने उन्हें गुमराह कर पांच लाख रुपये भी ले लिए। जब उन्होंने आपत्ति की तो डॉ. इमरान, डॉ. रिजवान और डॉ. आसमा बानो ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने कोतवाली व पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की, कोई कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने तीनों डॉक्टरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल आलोक दुबे ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।