तिर्वा। दावत-ए-वलीमा में लेग पीस के विवाद में छात्र की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन अभी भी दो हत्यारोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। दोनों हत्यारोपियों की तलाश में कई जिलों की खाकी ने खाक छानी है, लेकिन अभी तक दोनों हत्यारोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं।
ग्राम अहेर निवासी अजमत (16) की 26 सितंबर की रात दावत-ए-वलीमा में लेग पीस को लेकर हुए विवाद में हत्या कर दी गई थी। पिता गनी अहमद ने गांव के नसीम, वसीम, हीरो, अर्जुन और करीम पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने नसीम, वसीम और अर्जुन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि हीरो और करीम अब भी फरार हैं।
दोनों हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस टीम उन्नाव के बांगरमऊ, हरदोई के मल्लावां और कानपुर देहात के रसूलाबाद में उनके रिश्तेदारों के घर में दबिश दे चुके हैं, लेकिन अभी तक दोनों पुलिस की पकड़ से दूर हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार पुलिस अब तक करीब पांच सौ किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी है। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि जल्द ही दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।