कन्नौज। शहर में आठ साल से नया आधुनिक बस स्टेशन नहीं बन सका। बेहद कम भूमि और घनी बस्ती में संचालित हो रहे बस स्टेशन के चलते जीटी रोड पर अक्सर जाम लगता है। पुलिस भी तमाम प्रयास के बाद भी जाम न खत्म करा पाने पर थक कर बैठ जाती है।
शहर के सरायमीरा में पुराना बस स्टेशन संचालित है। कम जगह होने के कारण यहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिल रही है। इसके अलावा जाम भी लगा रहता है। 2013 में तत्कालीन सपा शासन काल में जिला प्रशासन को आधुनिक सुविधाओं से लैस बस स्टेशन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन ने एफएफडीसी के पास भूमि भी चिह्नित की थी। तत्कालीन परिवहन आयुक्त सुरेंद्र कुमार ने निरीक्षण कर जमीन को भी पास कर दिया लेकिन बजट न मिलने के कारण बस स्टेशन का निर्माण लटक गया। आज तक प्रशासन और शासन ने इसकी सुध नहीं ली। इससे पुराने बस स्टेशन से बसों का आना-जाना हो रहा है। यहां कम जगह के कारण अधिकांश चालक बसों के बस स्टेशन के अंदर न ले जाकर बाहर ही सवारी उतारने व बैठाने का काम करते हैं। इससे जीटी रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
इसी तरह गुरसहायगंज कस्बा में 2019 में बस स्टेशन का निर्माण शुरू किया गया था। 2020 में इसका निर्माण कार्य पूरा होना था। अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। इससे यात्रियों को खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है।
अधिकारी बोले
शासन को पत्र भेजा गया है। नए बस स्टेशन की आवश्यकता है। कम जगह होने के कारण बसों के आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं।
-राजेश कुमार, एआरएम
संसाधनों का अभाव
शहर के बजरिया मोहल्ला में रहने वाले अंशुल सिन्हा का कहना है कि पुराने बस स्टेशन पर संसाधनों का अभाव है। कैंटीन व दुकानों का संचालन भी ठीक से नहीं हो पा रहा है।
जनप्रतिनिधियों को देना चाहिए ध्यान
शहर के देविन टोला में रहने वाले सुशील कटियार का कहना है कि आधुनिक बस स्टेशन न होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना चाहिए। शहर की इस समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों को ध्यान देना चाहिए।
नहीं ठहरती बसें, करना होता इंतजार
शहर के डाक बंगला रोड निवासी राज शर्मा का कहना है कि बस स्टेशन पर जगह नहीं है। इससे चालक रोडवेज बसों को बगैर रोकते हुए निकल जाते हैं। इससे घंटों बस का इंतजार करना पड़ता है।
बस स्टेशन के सामने जाम होना आम बात
शहर के अशोक नगर में रहने वाले अभिषेक मिश्रा ने बताया कि बस स्टेशन के सामने अक्सर जाम लगा रहता है। बस स्टेशन के अंदर बसों के जाने से जीटी रोड पर जाम लग जाता है। वाहनों के पार्किंग की भी व्यवस्था नहीं है।