तिर्वा(कन्नौज)। एक विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाकर खूब हंगामा किया। कार्रवाई की मांग करते हुए करीब पांच घंटे तक पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। बाद में पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कस्बे के इलाहाबाद बैंक के सामने रहने वाले अभिषेक की शादी 15 जनवरी 2020 को औरैया जनपद के बेला थाना क्षेत्र के सुजानपुर्वा निवासी रामपाल की बेटी पूजा से हुई थी। रविवार सुबह पूजा का शव फांसी पर लटका देख ससुराल वालों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि मारपीट कर हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटका दिया गया। हंगामा शुरू हो गया। करीब पांच घंटे तक चले हंगामे के दौरान कई बार परिजनों ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास भी किया। पुलिस से नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पूजा के पिता रामपाल ने कार्रवाई के लिए तहरीर दी। बताया कि अपनी सामर्थ्य के हिसाब से शादी की थी। शादी के बाद अतिरिक्त दहेज में कार व नगदी की मांग को लेकर पूजा को प्रताड़ित किया जाता था। कई बार ससुराल वालों को समझाया। 18 जुलाई की सुबह अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर पति अभिषेक, सास मीरा, देवर मुकेश, ननद पिंकी, मधू पत्नी रोहित ने बेटी के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पति व ससुर को हिरासत में ले लिया है।