छिबरामऊ। बेटे का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए भटक रही मां ने तहसील समाधान दिवस में एसडीएम से गुहार लगाई। इसके अलावा शनिवार को 85 शिकायतें आईं। इनमें पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी को संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम देवेश गुप्ता और तहसीलदार अभिमन्यु कुमार ने शिकायतें सुनीं। मोहल्ला तिवारियान निवासी नीलम शुक्ला पत्नी स्व. रामलखन ने अधिकारियों को बताया कि इकलौते बेटे मनीष की हत्या 12 जून को विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के दुर्गा नगला के पास कर दी गई थी। पुलिस ने शव को सौ शय्या अस्पताल भिजवा दिया था। अब वह मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए इधर-उधर भटक रही हैं। एसडीएम देवेश गुप्ता ने बीडीओ को जांच कर प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा राजस्व की 61, पुलिस की 12, विकास की तीन, नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी, बैंक, शिक्षा व नलकूप की एक-एक व पूर्ति विभाग की तीन शिकायतें आईं। इस मौके पर सीओ शिवकुमार थापा, एसडीओ राहुल सिंह, बीईओ सुनील दुबे, ईओ नगर पालिका सुरेंद्र केसरवानी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
साहब! धमका रहा कोटेदार
विकास खंड तालग्राम के ग्राम तिसौली के वीरपाल सिंह, बृजपाल सिंह, सकटेलाल, दरबारी, राजीव, मुनीश, विपिन, दिनेश चंद्र ने एसडीएम से कोटेदार की शिकायत की। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार घटतौली करता है। शिकायत पर कार्ड धारकों से गाली गलौज और अभद्रता की जाती है। एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।