सौरिख(कन्नौज)। दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही स्लीपर बस के चालक को झपकी लगने से बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस वे पर दूसरी स्लीपर बस में पीछे से टकरा गई। हादसे में बस सवार पांच लोग गंभीर घायल हो गए। वहीं, 24 सवारियों के मामूली चोटें आई हैं। घायलों को बसों से निकालकर हाईवे की एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जिला प्रतापगढ़ के थाना लालगंज के कोटला निवासी जहीर स्लीपर बस में दिल्ली से 27 सवारियों को लेकर प्रतापगढ़ जा रहे थे। थाना क्षेत्र सौरिख व इटावा बॉर्डर के पास सुबह साढ़े चार बजे चालक मोहम्मद जहीर को झपकी लगने से बस अनियंत्रित होकर आगे चल रही दूसरी स्लीपर बस से टकरा गई। हादसे से दोनों बसों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, नामवर सिंह व गश्ती टीम के अनिल मिश्रा मौके पर पहुंचे।
पानीपत से कानपुर वाली बस में घायल हुए प्रेमचंद्र (50), आकाश (22) निवासीगण विदाई पुरवा, थाना तिर्वा, जिला कन्नौज, राकेश (32) निवासी अडनापुर, थाना सौरिख, कुमारी रिंकी (17) पुत्री प्रेम सिंह निवासी चंद्रपुरा, थाना तालग्राम, दूसरी बस के चालक मोहम्मद जहीर को निकालकर हाईवे की एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया। मामूली घायल सवारियों का हाईवे की एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार हुआ। बाद में सभी को दूसरे वाहनों से भेजा गया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त दोनों बसों को क्रेन से हटाकर टोल प्लाजा तक पहुंचाया गया।