तिर्वा। एक्सप्रेसवे पर पिकअप का टायर बदल रहे युवक को वाहन टक्कर मारते हुए निकल गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। साथी घायल है। मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लखनऊ जिले के थाना मालगांव, पोखरा निवासी सूरज(40) पुत्र लालता देवरी गांव निवासी राजकुमार के साथ मलिहाबाद से पिकअप पर आम लाद कर आगरा जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कोतवाली के पचोर गांव के सामने पिकअप का टायर पंक्चर हो गया। दोनों वाहन को किनारे खड़ा कर टायर बदलने लगे। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे वाहन ने सूरज को कुचल दिया। मौके पर मौत हो गई। करीब खड़े राजकुमार घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मेडिकल कालेज की मर्च्युरी में रखवा दिया। राजकुमार को इमरजेंसी में भर्ती कराकर दोनों के परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।