छिबरामऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गुरसहायगंज डूडा कार्यालय को नहीं भेज रही हैं। इससे लाभार्थियों को नुकसान हो रहा है। भाकियू सावित्री गुट के नेताओं ने एसडीएम को यह आरोप लगाते हुए ज्ञापन देकर ईओ को हटाए जाने की मांग की है।
सोमवार को एसडीएम देवेश गुप्ता को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत गुरसहायगंज नगर पालिका परिषद के 576 व नगर पंचायत समधन के 620 पात्र लाभार्थियों की जांच के बाद राजस्व विभाग की ओर से सूची डूडा कार्यालय कन्नौज भेजी गई थी। 15 फरवरी 2021 को निकाय स्तर पर सत्यापन के लिए सूची गुरसहायगंज व समधन भेजी गई। चार माह बीत जाने के बाद भी अधिशासी अधिकारी गुरसहायगंज ने सत्यापन सूची डूडा कार्यालय कन्नौज नहीं भेजी है।
14 अप्रैल को नगर पालिका के अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार आर्य ने नगर विकास समिति की मांग पर 15 दिन के अंदर सूची भेजने के निर्देश दिए थे। अभी तक सूची नहीं भेजी गई। इस अवसर पर भाकियू सावित्री गुट के जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।