तिर्वा(कन्नौज)। कानपुर देहात निवासी विधवा की सोमवार को मेहंदीघाट जाते समय बाइक से गिरकर मौत हो गई। मायकेवालों ने बाइक से गिराकर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने उन्हें शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के भाई ने ससुरालवालों के खिलाफ तहरीर दी है।
कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के गांव मटेरा रामपुर निवासी सोनी वर्मा (30) के पति रणधीर ने सात मई को घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। पति की मौत के बाद सोनी प्रतिदिन मेहंदीपुरघाट गंगा पर पूजा करने जाती थीं। सोमवार सुबह भी ससुराल के दो लोगों के साथ बाइक पर मेहंदीपुरघाट जाने के लिए निकलीं थीं।
सदर कोतवाली क्षेत्र में नेरा गांव के पास सोनी बाइक से गिरकर घायल हो गईं। ससुरालीजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले आए मौत डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचे मायकेवालों ने बाइक से गिराकर हत्या का आरोप लगाया और ससुरालवालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई लाल सिंह निवासी कुम्हारन मोहल्ला चिनहट, लखनऊ ने ससुरालवालों के खिलाफ तहरीर दी है।
लाल सिंह ने बताया कि सोनी की शादी छह मार्च 2018 को हुई थी। बहनोई रणधीर सिंह की मौत के बाद संपत्ति बंटवारे को लेकर ससुराल वाले आए दिन सोनी से विवाद करते थे। आरोप लगाया कि घाट ले जाते समय चलती बाइक से गिरा दिया।