छिबरामऊ(कन्नौज)। चकबंदी प्रक्रिया निरस्त कराने की मांग को लेकर तहसील परिसर में चल रहा आंदोलन 18वें दिन भी जारी रहा। सक्षम चकबंदी अधिकारी के वार्ता के लिए न पहुंचने से किसान नाराज हैं। किसानों ने धरना-प्रदर्शन को शुक्रवार से क्रमिक भूख हड़ताल में तब्दील करने की घोषणा कर दी है।
भारतीय किसान यूनियन (किसान) जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला व संघर्ष समिति के अध्यक्ष गौरव यादव एडवोकेट के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के 18वें दिन तक कोई प्रभावी कार्रवाई शुरू न होने से किसान नाराज हैं। किसानों ने शुक्रवार से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है। किसानों का कहना है कि जब तक चकबंदी प्रक्रिया निरस्त नहीं होती और सहायक चकबंदी अधिकारी नरेंद्र वर्मा को बर्खास्त नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
गुरुवार को धरना स्थल पर विमला देवी, सरस्वती देवी, सुशीला देवी, शुभम त्रिपाठी एडवोकेट, दिनेश चतुर्वेदी, रामऔतार बाथम, अनार सिंह पाल, अमित बाथम, राजकुमार बाथम, भगवानदास, रामनरायन, ईश्वरदयाल, राजीव तिवारी, संतोष चौबे, ओमपाल वर्मा, रामदत्त आदि किसान मौजूद रहे।