कन्नौज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कलक्ट्रेट परिसर में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली छात्राओं, महिलाओं का सम्मान किया गया। प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री व जिले के प्रभारी भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नाराज देकर भ्रूण हत्या बंद करा दी। विशिष्ट अतिथि व पूर्व राज्यमंत्री अर्चना पांडेय ने कहा कि पूरी सृष्टि नारी के आसपास ही घूमती है।
पंचायतीराज मंत्री समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां-बहन को देवी का दर्जा दिया गया है। सरकार बेटियों को सशक्त बनाने के लिए तमाम योजनाएं संचालित कर रही है। आज महिलाएं सभी प्रशासनिक पद पर तो हैं ही, कुशल राजनेता भी हैं। विशिष्ट अतिथि व पूर्व राज्यमंत्री अर्चना पांडेय ने कहा कि पूरी सृष्टि नारी के आसपास ही घूमती है। हमें अपनी मां से मिले संस्कार नहीं भूलने चाहिए। संस्कार ही हमें सशक्त बनाते हैं। विधायक कैलाश राजपूत ने कहा कि महिलाओं का हर क्षेत्र में योगदान बढ़ रहा है। महिलाओं के सशक्त होने से राष्ट्र मजबूत बनेगा। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस औपचारिकता का दिन नहीं है। बल्कि महिलाओं को मुख्य धारा में जोड़ने का काम करने का दिन है। इसके बाद जिला प्रभारी मंत्री समेत जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अफसरों ने जिले की मेधावी छात्राओं, शिक्षिकाओं, महिला स्वास्थ्य कर्मी, कन्याओं, समूह की महिलाओं समेत 100 लोगों को सम्मानित किया।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, सीडीओ आरएन सिंह, एडीएम गजेंद्र कुमार, डीडीओ एनबी सविता, डीडी कृषि डा. आरएन सिंह, डीआईओएस राजेंद्र बाबू, एबीएसए शिव सिंह समेत कई अफसर मौजूद रहे।
इन्होंने किया प्रेरित...
कृषि वैज्ञानिक केंद्र अनौगी की कृषि वैज्ञानिक डा. पूनम ने कहा कि महिलाओं को अपने आपको को मजबूर नहीं आंकना चाहिए। वह दृष्ट इच्छा शक्ति से हर काम कर सकती है।
- सदर ईओ नीलम चौधरी ने कहा कि आज महिलाएं पुरुषों से कंधा मिलाकर चल रही है। महिलाओं को हर क्षेत्र में 33 प्रतिशत का आरक्षण प्राप्त है। अब महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी है।
- महिला थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी ने कहा कि आज भी महिलाएं दो वर्ग में बंटी है। कहा कि एक वह महिलाएं हैं, जिन्होंने मेहनत के दम पर आत्मनिर्भर बन चुकी है, वहीं कुछ महिलाएं आज भी घर तक ही सीमित है, उन्हें जागरूक होने की जरूरत है।
- गंगा टीम लीडर रमा तिवारी ने बताया हर महिला में एक प्रतिभा छिपी होती है। इसलिए महिलाओं को अपने अंदर छिपी प्रतिभा निखाने की जरूरत है।
- अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मनु पाल ने कहा कि उन्होंने आगे बढ़ने के लिए बहुत संघर्ष किया है। इसकी वजह से उन्हें गोल्ड व सिल्वर मेडल जीता। आगे बढ़ने उनकी मां का बुहत योगदान है।
इनको किया गया सम्मानित
मेधावी छात्राओं में आनंदेश्वरी देवी, चांदनी, दीप्ती, श्रृष्टी, रश्मि देवी, मिशन शक्ति अभियान के तहत स्वेच्छा सेठी, रेनू कमल, सुनीति शर्मा, धनदेवी कनौजिया, महिला पुलिस में पारुल चौधरी, हेमलता, नीलम, वर्षा यादव, लेखपाल में रीतू सिंह, वैष्णवी चौधरी, शिल्पी, बुलबुल तिवारी, स्वयं सहायता समूह में उमाकांती, सुनीता चौहान, सरोजनी देवी, सद्धिश्री, शिक्षकों में स्नेहलता, दीप्ती दुबे, कंचन दुबे, रश्मि द्विवेदी, रंजना सिंह, कार्यक्रम विभाग में पूजा सिंह, राधा बाजपेयी, सुधा रावत, सुधा यादव आदि को सम्मानित किया गया।
महिलाओं को नसीब नहीं हुई कुर्सी
तिर्वा। तहसील सभागार में एसडीएम जयकरन व तहसीलदार अनिल कुमार सरोज की अध्ययक्षता में कार्यक्रम हुआ। समाज में अच्छा कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। थाना इंदरगढ़ के अहेदिया गांव में पौधरोपण व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यहां पर महिलाओं को बैठने के लिए कुर्सियां तक नसीब नहीं हो सकीं। यहां समारोह की अध्यक्षता खुद एसडीएम कर रहे थे। तहसीलदार ने बताया कि महिलाओं से पौधरोपण कराया गया था इसलिए अधिक भीड़ हो गई थी।