तिर्वा। ब्लाक परिसर में आने वाले फरियादियों के साथ कर्मचारियों के लिए बनबाया गया शौचालय गंदगी का भेंट चढ़ गया है। यहां आने वाले फरियादियों को गंदगी की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं अधिकारी यह सब जानकर भी अनजान बने हैं।
प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान की शुरुआत कर गांव-गांव सभी लोगों को स्वच्छता पर जोर दिया था। स्वच्छ भारत अभियान के तहत ब्लाक परिसर में शौचालय का निर्माण कराया गया। शौचालय का निर्माण हो जाने के बाद अधिकारियों की अनदेखी के चलते उसकी साफ सफाई नहीं हो सकी। इसकी वजह से उसके अंदर गंदगी बढ़ते चली गई। ब्लाक के शौचालय में पड़ी गंदगी देखकर लोग इसमें जाने से बचते हैं। शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों को नित्यक्रिया करने के लिए परेशान होना पड़ता है। अफसरों के ध्यान न देने से सफाई कर्मी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। एडीओ शमीम अहमद ने बताया कि सफाई कर्मियों को लगाकर शौचालय की सफाई कराई जाएगी।