प्राथमिक विद्यालय टिकरी कलसान।संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सरकार के आदेश के बाद सोमवार से 1200 बेसिक खुल रहे हैं। इसमें कक्षा एक से पांच के छात्र-छात्राओं को 50 प्रतिशत संख्या के आधार पर कक्षा वार के क्रम में बुलाया जाएगा। साथ ही एक छात्र से दूसरे की दूरी दो गज की रहेगी। इससे कोरोना संक्रमण फैल न सके। स्कूल खुलने से पूर्व सफाई कराने के साथ कक्षाओं को सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए गए हैं। कई स्कूलों में छुट्टी के दिन भी सफाई कार्य चलता रहा।
बीएसए केके ओझा ने बताया शासन के आदेश के बाद सोमवार से सभी बेसिक स्कूल खुल रहे हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन से मिले निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। स्कूल में मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था रहेगी। कक्षा वार दिन तय किए गए हैं। इसमें कक्षा एक और पांच के विद्यार्थी सोमवार व गुरुवार को, कक्षा 2 व 4 के मंगलवार व शुक्रवार को और कक्षा 3 के बुधवार और शनिवार को स्कूल जाएंगे। अभिभावकों की अनुमति के बाद ही छात्र-छात्राओं को स्कूल में पढ़ने की इजाजत होगी। इसलिए सभी शिक्षक अपने क्षेत्र के अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं। सभी बच्चों को स्कूल में मध्याह्न भोजन दिया जाएगा। स्कूलों में छात्रों को पढ़ाने के साथ-साथ ऑनलाइन क्लास चलेगी। इसमें स्कूल न पहुंचने वाले छात्र भी पढ़ सकेंगे। बीएसए केके ओझा ने बताया हर स्कूल में थर्मामीटर रहेगा। गेट पर सभी का तापमान नापा जाएगा। उन्होंने अभिभावकों अपील कि अगर किसी छात्र को सर्दी, जुखाम या बुखार है तो छात्र को स्कूल न भेजें।
सोमवार को बेसिक स्कूल खुल गए हैं। इसमें सोमवार को कक्षा एक व पांच के छात्रों को बुलाया गया है। वहीं इससे पहले 10 फरवरी को खुल चुके जूनियर हाईस्कूल में सोमवार को कक्षा छह के छात्र-छात्राएं भी स्कूल पहुंचेंगे। इसमें 50 फीसद छात्र उपस्थित के अलावा दो गज की दूरी का विशेष ध्यान दिया जाएगा।