कन्नौज। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की मनमानी से स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल है। रविवार को गंभीर हालत में पहुंची दो प्रसूताएं करीब दो घंटे तड़पती रही। चिकित्सकों के न मौजूद होने पर परिजनों ने हंगामा किया। महिलाओं की गंभीर हालत देखते हुए दो चिकित्सकों को बुलाकर आपरेशन से प्रसव कराया गया।
रविवार को जिला अस्पताल की महिला विंग में तैनात सभी चिकित्सक बगैर किसी को बताए गैर जनपद चले गए। इससे अस्पताल में सिर्फ स्टाफ नर्सें ही प्रसूताओं का उपचार करती रही। इस दौरान दोपहर करीब एक बजे मोहल्ला ग्वाल मैदान निवासी गर्भवती सरोजनी देवी प्रसव कराने पहुंच गई। चिकित्सकों के न मिलने पर सरोजनी देवी की हालत बिगड़ गई। इसी बीच प्रसव पीड़ा से परेशान अनौगी निवासी वंदना देवी भी पहुंच गई। दोनों की हालत गंभीर हो गई। करीब तीन घंटे तक डॉक्टरों के न मिलने पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जानकारी मिलने पर सीएमएस डा. शक्ति बसु ने छुट्टी होने के बाद भी सर्जन डा. योगेंद्र गुप्ता, एनस्थीसिया डा. रविंद्र साहू और डा. स्वास्तिका शालिनी को बुलाकर दोनों प्रसूताओं का आपरेशन कर सुरक्षित प्रसव कराया। सीएमएस ने बताया कि बगैर बताए ड्यूटी से गायब होने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।