तालाब से मरी मछलियां निकालते नाहर सिंह।
- फोटो : KANNAUJ
मानीमऊ। रंजिश के चलते गांव के कुछ अराजकतत्वों ने तालाब में जहरीली दवा डाल दी। इससे तालाब की तमाम मछलियां मरकर पानी में उतरने लगीं। मछली पालक का आरोप है कि गांव के चार लोगों ने तालाब में जहर डाल कर उसे नुकसान पहुंचाने के लिए ऐसा किया है।
सदर कोतवाली की मानीमऊ चौकी के गांव टिकुरियन निवासी नाहर सिंह मछली पालक हैं। गांव में अपने सात बीघा के तालाब में वह परंपरागत ढंग से मछली पालते हैं। तालाब में मछलियां करीब एक-एक किलो की हो गई थीं। बुधवार को अचानक मछलियां मरकर पानी के ऊपर उतराने लगीं तो वहां से गुजर रहे लोगों ने देखा। तालाब की रखवाली कर रहे नाहर सिंह के परिवार के लोग किनारे पहुंचे तो कई मछलियां ऊपर आ चुकी थीं। लोगों ने सोचा कि गर्मी की वजह से दस-बीस मछलियां मर गई होंगी।
गुरुवार को हजारों मछलियां मरकर पानी के ऊपर उतराने लगीं। पीड़ित ने बताया कि करीब 30 से 40 क्विंटल मछलियां मर गई हैं। इससे उसे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर नाहर सिंह ने गांव के चार लोगों के खिलाफ रंजिश के चलते तालाब में जहरीली दवा डालने का आरोप लगाया है। कहा कि उसे नुकसान पहुंचाने के लिहाज से जानबूझकर तालाब में जहरीली दवा डाल दी गई। कोतवाल विकास राय ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।