गुरसहायगंज। हाईटेंशन लाइन में हुए फॉल्ट के बाद लाइन ट्रिप ना होने से विद्युत उपकेंद्र के मशीनों में आग लग गई। तेज लपटों के साथ निकले धुएं से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से करीब आठ घंटे आपूर्ति बंद रही।
स्थानीय उपकेंद्र में सुबह करीब 10 बजे अचानक समधन फीडर की बीसीबी में आग लग गई। मौजूद एसएसओ अतुल दुबे कुछ समझ पाते की आग ने गांधीनगर, कुसुमखोर बीसीबी को भी चपेट में ले लिया। बिजली घर से उठे तेज धुएं और लपटों को देखकर आसपास घरों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। बिजली कर्मचारियों ने तत्काल छिबरामऊ को इसकी सूचना दी, जहां से आपूर्ति बंद कराई गई। कर्मचारी जय विकास कुमार ने बताया कि छिबरामऊ से गुरसहायगंज आई हाईटेंशन लाइन में कहीं फॉल्ट हो गया था। हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट होने के दौरान लाइन अपने आप बंद हो जाती है, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते लाइन गुरसहायगंज और छिबरामऊ दोनों जगह ट्रिप नहीं हुई, जिससे मशीनों में आग लग गई। सुबह 10 बजे हुई इस घटना के बाद कुसुमखोर, इस्माइलपुर, गांधीनगर, बिशंभरपुर, कोल्ड स्टोरेज और कस्बा फीडर की बिजली ठप हो गई। इन फीडरों से आधा सैकड़ा से अधिक गांव को बिजली आपूर्ति की जाती है। जेई ने बताया कि समधन फीडर की आपूर्ति ठप रहेगी, जबकि अन्य स्थानों की बिजली चालू हो गई।