कन्नौज। जिले में तैनाती बरकरार रखने के लिए सीओ को अब फिर से आईजी की ग्रेडिंग परीक्षा पास करनी होगी। परीक्षा में फेल होने वाले सीओ को जिले से हटाकर नॉन डीएफ (गैर जनपदीय शाखा) में तैनात कर दिया जाएगा।
कोरोना के चलते कानपुर जोन के आईजी मोहित अग्रवाल ने अप्रैल में जिलों में तैनात सीओ की ग्रेडिंग परीक्षा बंद कर दी थी। 15 अगस्त से फिर ये परीक्षा शुरू कर दी गई है। प्रतिमाह टॉप-10 अपराधियों की गिरफ्तारी, शातिर अपराधियों की जमानत निरस्त कराने, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट, सीसीटीएनएस, भ्रमण और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों का मासिक मूल्यांकन किया जाएगा। इस परीक्षा में आईजी अधिकतम 75 और एसपी 25 अंक देंगे।
आईजी की ओर से जारी निर्देश में बताया गया है कि 80 प्रतिशत अंक पर सीओ को उत्कृष्ट, 70 प्रतिशत अंक पाने पर उत्तम, 60 प्रतिशत अंक पर अच्छा, 50 अंक मिलने पर काम संतोषजनक माना जाएगा। 50 से कम पाने वाले सीओ को नॉन डीएफ मतलब जनपदीय पुलिस से हटाकर कार्यालयों की अन्य शाखाओं में तैनात कर दिया जाएगा।