छिबरामऊ। चार दिन पहले फायर स्टेशन के पास मिले युवक के शव के बाद मृतक के पिता ने पड़ोसी गांव के दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता ने पुलिस को मामले की तहरीर तो दी है लेकिन अभी तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नगला बरी निवासी शेर सिंह राजावत पुत्र मुंशी सिंह ने बताया कि गुरुवार को उसके बेटे चंदन राजावत की हत्या पड़ोसी गांव सुखसेन के तीन युवकों ने की है। जिसमें दो युवकों को वह जानते हैं। गुरुवार को ग्राम नगला बरी निवासी चंदन राजावत का शव कैरदा मार्ग पर फायर स्टेशन के पास एक गेहूं के खेत में मिला था। शव के पास में ही चंदन की बाइक भी पड़ी मिली। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चंदन के गले में मिट्टी के जाने से उसकी मौत की बात सामने आई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मार्ग दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। फिर भी गहनता से जांच कराई जाएगी, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।