तहसील समाधान दिवस के दौरान शिकायतें सुनते एसडीएम देवेश गुप्ता व मौजूद सीओ शिवकुमार थापा, तहसीलद?
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। तहसील समाधान दिवस में पहुंचीं महिलाओं ने अपने ही परिवार के सिपाही व होमगार्ड की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। यहां राजस्व से संबंधित शिकायतें ज्यादा रहीं। नेशनल हाईवे की दो शिकायतें आईं।
मंगलवार को तहसील समाधान दिवस में नंदलालपुर की पूर्व प्रधान मीनू ने बताया कि भाभी ने मेरी गैर मौजूदगी में लाखों का सामान कमरे से निकाल लिया। पूछने पर मारने के लिए हमलावर हो गईं। कहा, पति पुलिस में हैं, क्या कर लोगी। थाने में और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह तालग्राम की सुशीला मिश्रा ने शिकायत में बताया कि परिवार के रामप्रकाश और उर्मिला होमगार्ड हैं। यह लोग सार्वजनिक रास्ते और स्कूल पर कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर बेटे पर बलात्कार का मुकदमा लगवाने की धमकी देते हैं। सीओ शिवकुमार थापा ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं अकबरपुर के ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे चौड़ीकरण में मकान व दुकानें तोड़े जाने के नोटिसों को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। एसडीएम देवेश गुप्ता ने हाईवे अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान राजस्व विभाग की 64, पुलिस की 25, विकास की 21, नेशनल हाईवे की दो शिकायतें आईं। इनमें पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर तहसीलदार अभिमन्यु कुमार, राजस्व निरीक्षक आदित्य दीक्षित सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
साहब ! न्याय न मिला तो कर लूंगा आत्मदाह
तहसील समाधान दिवस में नगर के मोहल्ला इब्राहीमगंज निवासी मुस्तकीम खां पुत्र सलीम खां ने बताया कि मेरी सरायदायमगंज में जमीन है। यह मौके पर कम है। पैमाइश के लिए कई बार शिकायत की। अभी तक पैमाइश नहीं की गई। पैमाइश कराकर न्याय दिलाया जाए। आठ वर्षों से आराजी को लेकर भटक रहा हूं। अगर न्याय न मिला तो आत्मदाह कर लूंगा।