कन्नौज। प्रेमी को घर बुलाने से पहले माता-पिता और दोनों भाइयों को नशीला पदार्थ खिलाने वाली किशोरी ने आशा ज्योति केंद्र में हंगामा किया। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराया। वहीं कानपुर के हैलट में भर्ती परिजनों की हालत में सुधार हुआ है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी बुजुर्ग (65) किसान की 13 वर्षीय बेटी की फेसबुक पर इटावा में रहने वाले युवक से दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों में प्रेम-प्रसंग चलने लगा। मंगलवार रात किशोरी ने प्रेमी को घर बुलाया था। किसी को भनक न लग सके। इस लिए उसने प्रेमी के कहने पर पिता, मां और दो भाइयों को मिठाई में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया था। किशोरी के चाचा ने चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां से मेडिकल कॉलेज तिर्वा फिर कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया था।
गुरुवार को चारों की हालत में सुधार हुआ है। पुलिस ने किशोरी को हिरासत में लेकर आशा ज्योति केंद्र में रखा है। बुधवार रात किशोरी ने पुलिस के कब्जे में अपना मोबाइल लौटाने के लिए जमकर हंगामा किया। महिला पुलिसकर्मियों ने कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे को मामले की जानकारी देकर उसे किसी तरह शांत कराया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि किशोरी के माता-पिता और भाइयों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद ही फैसला लिया जाएगा।
आधे रास्ते से प्रेमी लौट गया था इटावा
मिठाई में मिली नशीली गोलियां खाने के बाद दंपती और दोनों बेटे बेहोश हो गए। किशोरी ने इसकी सूचना प्रेमी को दी। मिठाई में अधिक नशीली गोलियां मिलाने की जानकारी पाकर प्रेमी युवक डर गया और आधे रास्ते से इटावा वापस हो गया। युवक ने फोन बंद कर रखा है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के लिए गले की फांस बनी किशोरी
पुलिस हिरासत में किशोरी हंगामा कर रही है। गुरुवार दोपहर कोतवाली प्रभारी ने गांव के प्रधान, किशोरी के चाचा और कुछ रिश्तेदारों को बुलाया। कोतवाल ने किशोरी को घर ले जाने की बात कही, लेकिन कोई भी उसे साथ ले जाने को तैयार नहीं। अभी तक किसी ने किशोरी के खिलाफ तहरीर भी नहीं दी। इससे पुलिस के लिए किशोरी गले की फांस बनी हुई है।