छिबरामऊ। तालग्राम रोड पर पलिया गांव के पास हुई बाइकों की भिड़ंत में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया।
सोमवार को तालग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम अहिपुर निवासी मोहन लाल (24), ताऊ मेघनाद (60) के साथ बाइक से बहन के लिए लड़का देखने फर्रुखाबाद के एक गांव में जा रहे थे। तालग्राम रोड पर पलिया गांव से कुछ आगे पहुंचे, तभी सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार रौरी गांव निवासी रिजवान (23) व सपना (33) भी घायल हो गए। रिजवान गांव की सपना को उसकी ससुराल मधई नगला छोड़ने के लिए जा रहा था। बाइक चला रहे मोहनलाल ने हेलमेट पहना था, जबकि रिजवान हेलमेट नहीं लगाए था। चारों घायलों को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से मेघनाद व रिजवान को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया।