कन्नौज। प्रदेश की आठवीं विधि विज्ञान प्रयोगशाला सोमवार से शुरू हो जाएगी। इससे प्रदेश के 16 जनपदों की पुलिस को आपराधिक वारदातों को सुलझाने में सहूलियत मिलेगी।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तालग्राम क्षेत्र के निकवा गांव के पास 70 करोड़ की लागत से बहुमंजिला विधि विज्ञान प्रयोगशाला बनाई गई है। 25 सितंबर 2016 को निर्माण कार्य शुरू हुआ था। 16 मई को आधुनिक विधि विज्ञान प्रयोगशाला का शुभारंभ किया जाएगा। प्रयोगशाला के डिप्टी डायरेक्टर अनिल यादव की शासन से तैनाती कर दी गई है। इससे अब कानपुर, बांदा, हमीरपुर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, जालौन, ललितपुर, झांसी, महोबा, कन्नौज, फर्रुखाबाद, चित्रकूट समेत कुल 16 जनपदों की पुलिस अपराधों की जांच के लिए सैंपल भेजेगी।
इससे पहले प्रदेश में लखनऊ, आगरा, मुरादाबाद, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और गाजियाबाद में विधि विज्ञान प्रयोगशाला संचालित है। जिले में विधि विज्ञान प्रयोगशाला की निगरानी एडीजी टेक्निकल सर्विसेज मोहित अग्रवाल करेंगे। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि सोमवार को विधि विज्ञान प्रयोगशाला का शुभारंभ किया जाएगा।
इन मामलों की होगी जांच
हत्या, खुदकुशी, दहेज हत्या, संदिग्ध मौत, सर्पदंश, जहरखुरानी, विषैली शराब, पानी में डूबने से मौत, चोरी, डकैती, एनडीपीसी एक्ट, आबकारी, वाहनों के चेचिस, कॉपी राइट, साइबर क्राइम, वीर्य, रक्त, आग्नेय शस्त्र और जैविक रसायनों की जांच होगी।