कन्नौज। पंचायत सहायक की भर्ती फिर से शुरू होने वाली है। इसका आदेश जारी हो गया है। 18 मई से तीन जून तक आवेदन होंगे। सूबे में 2783 पद रिक्त हैं, जिसमें कन्नौज जिले से भी 33 लोगों का चयन होना है।
पंचायती राज निदेशक अनुज झा ने जारी किए पत्र में कहा है कि पंचायत सहायक के आवेदन पत्र पंचायतीराज विभाग की वेबसाइट पर हैं। पंचायत सहायक/एकाउंटेंट कम डाटा इंट्री ऑपरेटर पद के लिए 15 से 17 मई तक ग्राम पंचायतों की ओर से आवेदन मांगे जाने की मुनादी होगी। 18 मई से तीन जून तक डीपीआरओ, ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर पर आवेदन मांगे जाएंगे। 10 से 17 जून तक ग्राम पंचायत में आवेदन पत्रों के हिसाब से मेरिट बनेगी। प्रशासनिक समिति के सामने सूची जाएगी और उसका अनुमोदन होगा। जिला स्तरीय समिति को सूची विचार करने भेजी जाएगी।
18 से 25 जून तक डीएम की अध्यक्षता वाली समिति परीक्षण करके संस्तुति देगी। ग्राम पंचायत 26 से 28 जून तक नियुक्ति पत्र बांटेगा। डीपीएम शलभ त्रिपाठी ने बताया कि 12 मई को भर्ती का विज्ञापन भी आएगा। जनपद के सभी ब्लॉकों से कुल 33 पद रिक्त हैं। चयन के बाद छह हजार रुपये मासिक मानदेय भी मिलेगा। पंचायत सहायकों को मिनी सचिवालय में बैठकर काम करना होगा।