उच्च प्राथमिक स्कूल हैवतपुर कटरा में छात्र अंकुश नृत्य करता हुआ। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। उच्च प्राथमिक स्कूल हैवतपुर कटरा में पढ़ने वाले कक्षा सात के छात्र अंकुश गौतम के नृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
मदर्स डे की पूर्व संध्या पर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उसने फिल्मी गाने तेरी उंगली पकड़कर चला ममता के आंचल में पला मां ओ मेरी मां मैं तेरा लाडला...पर यह प्रस्तुति दी है। छह घंटे में 51 हजार लोगों ने इसे देखा है। 7800 लोग लाइक भी कर चुके हैं। यहां तक समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने अपने फेसबुक पेज पर सोमवार को सुबह करीब 10 बजे यह वीडियो पोस्ट पर लिखा, मिलिए कन्नौज के हैवतपुर कटरा कक्षा सात के मास्टर अंकुश से, जिन्होंने इतने सुंदर नृत्य से मातृत्व की अभियक्ति की...।
अंकुश के पिता अजय कुमार ने बताया कि बेटे का प्रवेश कक्षा छह में दो साल पहले कराया था। उच्च प्राथमिक स्कूल हैवतपुर कटरा की मैडम स्नेहलता द्विवेदी ने अंकुश को सिखाया, उसके बाद नृत्य-गीत में मन लगने लगा। विद्यालय में पढ़ाई भी अच्छी होती है। बड़ा बेटा राहुल कक्षा नौ के बाद आर्थिक समस्या के चलते पढ़ नहीं सका। बेटी प्रियंका ने इंटर की परीक्षा दी है। खेती करके किसी तरह गुजारा करता हूं।
सहायक अध्यापक स्नेहलता द्विवेदी ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं को वह काम आने वाला हर तरह का ज्ञान देती हैं। छात्र अंकुश में भी तल्लीनता है, जिसकी वजह से वह चर्चा में आया है। छात्र ने कक्षा पांच तक प्राथमिक स्कूल हैवतपुर कटरा में ही पढ़ाई की थी।