हाथ में खाली बाल्टी लेकर प्रदर्शन करतीं ग्रेसीगंज मोहल्ले की महिलाएं। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। पिछले पांच सालों से नलकूप खराब होने से ग्रेसीगंज व हनुमान गढ़ी के लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। पेयजल संकट से आजिज महिलाओं ने गुरुवार को हाथों में खाली बाल्टी लेकर प्रदर्शन किया।
नगर के मोहल्ला हनुमान गढ़ी में लगा सरकारी नलकूप पिछले पांच सालों से खराब है। हनुमान गढ़ी के अलावा ग्रेसीगंज मोहल्ले के लोग भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। ग्रेसीगंज के बीमा अभिकर्ता देवकी नंदन मिश्रा ने बताया कि मोहल्ले में तीन दिन से पानी को तरस रहे हैं।
लोगों ने जब माई सिटी माई रिस्पांसिबिलिटी ग्रुप संचालक गौरव त्रिपाठी से संपर्क किया तो उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों से बात की और हाथ में खाली बाल्टियां लेकर प्रदर्शन किया। नागरिकों के प्रदर्शन के बाद आनन फानन में खराब हैंडपंप सही कराने का काम शुरू हो गया।
इस संबंध में ईओ सुरेंद्र कुमार केसरवानी ने बताया कि संत गेस्ट हाउस पर जीटी रोड चौड़ीकरण में लगभग 20 मीटर तक पाइप लाइन फटने से यह दिक्कत आई है। शीघ्र ही समस्या का निराकरण करा दिया जाएगा।