कन्नौज। नौ अप्रैल को होने वाले एमएलसी चुनाव के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके बैलेट मतपत्र भी आ गए हैं। सात तारीख को कलक्ट्रेट सभागार में पोलिंग पार्टियों को दूसरा प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके अगले दिन बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।
फर्रुखाबाद-इटावा विधान परिषद सदस्य पद के लिए भाजपा से प्रांशु दत्त द्विवेदी, सपा के हरीश कुमार और निर्दलीय नरेंद्र कुमार कुल तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। कन्नौज समेत चार जिलों के जनप्रतिनिधि नौ अप्रैल को मतदान करेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक बैलेट मतपत्र आ गए हैं। इसी से मतदाता वोट डालेंगे। कुल 1351 वोटर हैं। 10 बूथ बनाए गए हैं।
इसमें आठों ब्लॉक मुख्यालय के अलावा ठठिया का जूनियर स्कूल और नगर पालिका परिषद गुरसहायगंज को मतदान बूथ बनाया गया है। सोमवार को मतपेटी तैयार करने की प्रक्रिया चलती रही। चुनाव पटल प्रभारी संजीव विसारिया का कहना है कि कलक्ट्रेट परिसर से ही पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। 10 पोलिंग पार्टियों के अलावा इतने ही माइक्रो आब्जर्वर भी लगाए गए हैं। चारों जनपद के कुल 5238 मतदाता मिलकर एक एमएलसी चुनेंगे।