छिबरामऊ। कसाबा क्षेत्र के ग्राम कठाहार में संदिग्ध शराब पीने से पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत के बाद परिजन मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटक रहे हैं। परिजनों का कहना है कि उनके घर से तीन अर्थी उठी हैं, लेकिन अब न तो उनकी व्यथा सुनी जा रही है और न ही मामले की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस शराब का सैंपल झांसी की विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे जाने की बात कह रही है।
सोमवार को क्षेत्र के ग्राम कठाहार निवासी चमेली देवी, बेटे सुमित, बहू आरती व पौत्र ऋषभ के साथ कोतवाली पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि 19 मार्च को उसके बेटे अमित के एक दोस्त ने शराब की बोतल दी थी। इसको पीने के बाद बेटे अमित, पति जसकरन उर्फ कलक्टर, जेठ राकेश की मौत हो गई, जबकि रिश्तेदार पुष्पेंद्र का सैफई में उपचार चल रहा है। इस मामले को आठ दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। सिर्फ उनको टरकाया ही जा रहा है। सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि शराब के सैंपल को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला झांसी भेजा गया है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
तीनों की हत्या हुई
अब पुलिस शराब के बाद दूध पिए जाने से मौत होने की बात कह रही है, जबकि मृतकों में किसी ने दूध का सेवन नहीं किया था। आरोप है कि सोची समझी साजिश के तहत उनके पति, जेठ व बेटे की हत्या की गई है।
आखिर कैसे होगा बच्चों का पालन-पोषण
अमित की पत्नी आरती ने बताया कि उसके एक सात साल की बेटी काव्या, दो बेटे राज (05) व ऋषभ (03) हैं। पति की मौत के बाद अब आखिर वह बच्चों का पालन-पोषण और उनकी शिक्षा की व्यवस्था कैसे करेगी, यह समझ नहीं पा रही है। चमेली देवी का कहना था कि कुछ समय पहले उसके एक बेटे की मार्ग दुर्घटना में मौत हो चुकी थी और अब पति व बेटे की मौत का सदमा वह झेल नहीं पा रही है।