तालग्राम तिराहे पर धूं-धूं कर जलती कार। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। तालग्राम की तरफ जा रही ईको कार में शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। चालक ने चलती कार से कूद कर जान बचाई। कार में सीएनजी गैस सिलिंडर लगा होने के कारण तालग्राम तिराहे पर भगदड़ मच गई। साथ ही दोनों तरफ जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे फायरब्रिगेड कर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नगर के मुख्य मार्ग पर एक ईको कार तालग्राम की ओर जाने के लिए जैसे ही तालग्राम तिराहे पहुंची तो शार्ट सर्किट के कारण कार में आग लग गई। चालक ने चलती कार से कूद कर किसी तरह जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया और लपटें उठने लगी। कार में सीएनजी गैस सिलिंडर लगा होने के कारण लोग जहां के तहां ठहर गए। भीड़ के चलते तालग्राम तिराहे पर जाम लग गया। कार में लगा सिलिंडर फटने के खौफ के चलते आसपास के दुकानदार भी दुकानें बंद कर दूर भाग गए। सूचना पर पुलिस व फायरब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। कार के आसपास मौजूद तमाशबीनों को दूर हटाया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। कार मालिक के बारे में जानकारी के लिए पुलिस चालक को तलाश करती रही, लेकिन उसका कहीं अता पता नहीं चल सका।