कन्नौज। आओ बने हुनरमंद कार्यक्रम के तहत जिले के पांचों कस्तूरबा गांधी (बा) आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को कई तरह का प्रशिक्षण व जानकारी दी जाएगी। कौशल बढ़ाने के लिए अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी वस्तुओं का निर्माण, कला-क्रॉफ्ट, कठपुतली, पेंटिंग, रंगोली व कला में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बीएसए संगीता सिंह ने ब्लॉक छिबरामऊ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुरली नगला के सहायक अध्यापक सुमित गुप्त, सौरिख के यूपीएस नगला अंगद से शिक्षक संदीप यादव, कन्नौज के प्राथमिक स्कूल नसरापुर की प्रधानाध्यापक शैली मिश्रा, गुगरापुर क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल राजापुर्वा के शिक्षक राहुल वर्मा व कन्नौज क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बिलंदापुर नालाहार के शिक्षक अतुल दीक्षित को टीम में नामित किया है। बताया गया है कि पांच आवासीय विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक की 500 छात्राएं पंजीकृत हैं।
52 शिक्षक-शिक्षिकाएं कल होंगे सम्मानित
29 मार्च को दोपहर ढाई बजे परिषदीय स्कूलों के 52 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। बीएसए संगीता सिंह की ओर से संबंधित सभी बीईओ व नगर शिक्षा अधिकारी को इसकी सूची भी भेज दी गई है। अरविंदो सोसाइटी की ओर से इनोवेटिव पाठशाला वैकल्पिक शैक्षणिक कैलेंडर के तहत ज्ञान अर्जन व छात्र-छात्राओं के अधिगम स्तर को बढ़ाने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण हुआ है। इसमें शिक्षकों ने शामिल होकर शैक्षिक कार्य में प्रयोग किया। शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।