छिबरामऊ। ग्राम निगोह खास में छत से गिरकर पल्लेदार की मौत हो गई। पल्लेदार की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
राजेश जाटव (50) पुत्र बाबूराम पल्लेदारी करता है। मंगलवार को उसकी पत्नी कलावती छत पर पापड़ बना रही थी। वह पत्नी की मदद कर रहा था। तभी अचानक अपने शरीर का संतुलन खो बैठा और छत से गली में जा गिरा। गंभीर रूप से घायल राजेश को आनन-फानन में परिजन बाइक से सौ शैया अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटा व छह बेटियां हैं। वह दो बेटियों की शादी कर चुका है।
एंबुलेंस के लिए नहीं लगा फोन
मृतक के भतीजे गोपेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चाचा को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एबुलेंस को फोन किया, लेकिन कई प्रयास के बाद भी फोन नहीं लगा। इस पर मजबूरी में चाचा को अस्पताल लाने के लिए बाइक का सहारा लेना पड़ा।