वोट के लिए पीले चावल देती छात्रा। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। पीले चावल शगुन हैं, लड़की की शादी में पीले चावल देकर मेहमानों को बुलाया जाता है। इत्र नगरी में राजकीय महिला महाविद्यालय बांगर की छात्राएं मतदाताओं को पीले चावल देकर वोट डालने के निमंत्रण दे रहीं हैं। चुनावी सहालग में छात्राओं की इस अनूठी परंपरा की चर्चा हर ओर है। इससे जहां वोट प्रतिशत बढ़ेगा। वहीं लोग जागरूक भी हो रहे हैं।
महाविद्यालय की ओर से सोमवार को पीले चावल देकर मतदान करने को प्रेरित करने के लिए एक अभियान की शुरुआत हुई। इसके तहत महाविद्यालय की छात्राएं घर-घर जाकर वोटरों को पीले चावल देकर उन्हें 20 फरवरी को मतदान स्थल पर जाकर वोट डालने के लिए निमंत्रण दे रही हैं। बेटियां वोटरों से आग्रह करेंगी, कि निमंत्रण दे रही हूं वोट डालने जरूर आना।
सब काम छोड़ दो, पहले वोट दो
इसके लिए प्राचार्य प्रो. डॉ. शक्ति सिंह सचान ने छात्राओं की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर स्वीप नोडल अधिकारी रीतू सिंह एवं स्वीप कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार के निर्देशन में सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो, का नारा लगाते हुए छात्राओं ने महाविद्यालय से निकलकर कांशीराम कॉलोनी बस्ती वासियों को पीले चावल देकर वोट डालने का निमंत्रण दिया।
वोट डालने जरूर जाएंगे
पीले चावल देकर वोट निमंत्रण का अभियान पहले दिन सफल रहा है। बस्ती वासियों ने छात्राओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि हम वोट डालने जरूर जाएंगे। अभियान में महाविद्यालय परिवार से वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. सोनू पुरी, पीपी यादव, अंबरीन फातिमा, शैलेंद्र कुमार, विवेक तिवारी, नूपुर और अजीत ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।