तिर्वा। कंबल न मिलने से नाराज महिलाओं ने तहसील में जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने लेखपाल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कंबल उपलब्ध कराए जाने की मांग की।
शासन के निर्देशों पर गरीब, असहाय, निराश्रित महिलाओं को सर्दी से बचाने के लिए कंबल उपलब्ध कराए जाने है। रविवार को तहसील में करीब 500 कंबलों का वितरण भी किया जा चुका है। इसकी जानकारी मिलते ही सोमवार को क्षेत्र के देवपुर्वा, मनीपुर्वा, गाजीपुर्वा, कल्यानपुर, विनौरा गांव समेत अन्य गांव की दर्जनों महिलाएं तहसील पहुंच गईं। जहां पर उन्होंने लेखपालों से कंबल उपलब्ध कराने की मांग की। कंबल न मिलने से नाराज महिलाएं धरने पर बैठकर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया।
महिलाओं का आरोप है कि क्षेत्र के लेखपाल ने चहेतों को कंबल दिए हैं। जब उनसे कंबल मांगा तो टालमटोल कर रहे हैं। एसडीएम राकेश कुमार त्यागी ने बताया कि जो भी क्षेत्र में पात्र महिलाएं हैं, उनकी सूची बनाई जा रही है। लेखपालों के माध्यम से पात्र महिलाओं के घर कंबल पहुंचा दिए जाएंगे।