छिबरामऊ। निगम मंडी फीडर के इनकमिंग केबल में फाल्ट आने से नगर, प्रेमपुर व उससे जुड़े 63 गांवों में रातभर बिजली नहीं आई। बिजली कर्मचारियों की टीम केबल को सही करने में जुटी रही। लगभग नौ घंटे की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति को बहाल किया गया।
नगर के पूर्वी बाईपास स्थित विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय में मंगलवार की रात को पौने 12 बजे के करीब फीडर नंबर एक व तीन की इनकमिंग केबल धमाके के साथ फट गई। ड्यूटी पर तैनात एसएसओ रमेश चंद्र ने इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी। कुछ ही देर में जेई अजय अवस्थी मौके पर पहुंच गए।
बिजली विभाग ने नगर के एक, दो और तीन नंबर फीडर के अलावा इससे जुड़े प्रेमपुर व निगम मंडी फीडर को भी बंद करा दिया। इससे नगर के अलावा प्रेमपुर व निगम मंडी फीडर से जुड़े 63 गांवों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। रात में ही बिजली विभाग की टीम को मेंटीनेंस के कार्य में लगा दिया गया।
कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार को दिन में हुई बारिश के चलते इनकमिंग केबल में फाल्ट आया था। रात भर चले कार्य के बाद सुबह साढ़े आठ बजे के लगभग आपूर्ति को बहाल करा दिया गया।
जेई अजय अवस्थी ने बताया कि इनकमिंग केबल फट जाने से दिक्कत आई थी, अब फाल्ट को सही कराकर आपूर्ति को बहाल करा दिया गया है।