आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तिर्वा के बनपुर गांव के पास रविवार देर रात हरियाणा से बिहार जा रही निजी वॉल्वो बस में आग लग गई। एक यात्री झुलस गया, जबकि अन्य ने बस से बाहर कूदकर अपने को बचाया। हादसे में कई लोगों के बैग व अन्य सामान जल गए।
बाद में दूसरी बस से सवारियों को भेज दिया गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक निजी वॉल्वो बस हरियाणा से सौ लोगों को लेकर बिहार जा रही थी। बस में तिर्वा क्षेत्र के बनपुरा गांव के पास रविवार रात लगभग ढाई बजे इंजन गर्म होने से आग लग गई।
आग लगते ही सवारियों में चीख-पुकार होने लगी। खिड़की व दरवाजे के रास्ते सवारियों ने कूदकर अपने को बचाया। तमाम लोगों ने जान बचाने के लिए अपने बैग व सामान बस में ही छोड़ दिए। बाहर निकलने के बाद भी यात्री मदद मांगते दिखे, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी कि दोबारा बस में जाकर बैग या कोई सामान निकाले।
देखते ही देखते पूरी बस को आग ने चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंचे फायरब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। यूपीडा सुरक्षा अधिकारी व गश्ती दल मौके पर पहुंचे। राजस्थान के जिला अलवर में हुजिया खुर्द निवासी पूरन सिंह बस चला रहा था।