तिर्वा कोतवाली में खड़े फाइनेंस कंपनी से ठगे गए ग्रामीण।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। कम ब्याज पर ऋण देने का झांसा देकर फाइनेंस कंपनी ने ग्रामीणों से ठगी कर ली। ग्रामीणों ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है।
कस्बे में इंजीनियरिंग कालेज के पास निजी फाइनेंस कंपनी ने दो माह पूर्व कार्यालय खोला था। फाइनेंस कंपनी के लोगों ने तिर्वा, ठठिया, इंदरगढ़, कन्नौज सदर, गुरसहायगंज और मकनपुर समेत कई कस्बों में लोन देने का झांसा दिया। बारह प्रतिशत सालाना ब्याज की दर पर 50 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक ऋण मंजूर किया। आधार कार्ड, पैनकार्ड, पहचानपत्र, 12 सौ के स्टांप के साथ तीन-तीन हजार रुपये लेकर फाइल तैयार की गई। करीब पंद्रह सौ लोगों से तीन-तीन हजार रुपये ले लिए। ऋण नहीं दिया गया। दो माह बीतने के बाद कंपनी के लोगों ने संपर्क नहीं किया तो रकम व स्टांप देने वाले लोग कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में ताला लटका मिलने पर लोगों ने पूछताछ की। पता चला कि कंपनी के लोग लापता हैं। यह सुनते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए।
पीड़ित गुरसहायगंज निवासी मोहित, आरिफ, कलीम, आशीष और जुबैर खां समेत अन्य ने बताया कि कंपनी के लोग घर-घर जाकर ऋण देने का लालच देकर ठगी कर फरार हो गए। कोतवाल शैलेंद्र कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।