ग्राम प्रधानी का चुनाव जीतने को उम्मीदवारों की एक-एक वोट पर नजर है। यही
वजह है कि वोटर लिस्ट की फोटोकापी लेने को कलक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन
कार्यालय में सुबह से लेकर देर शाम तक भीड़ लगी रहती है।
सोमवार को
निर्वाचन कार्यालय में लगे कर्मियों को प्रत्याशी एवं उनके समर्थक घेरे
रहे। कक्ष के बाहर लाइन लगाने की बजाय प्रत्याशी एवं समर्थक अंदर घुस गए और
जहां कर्मचारी काम कर रहे थे, वहीं पर भीड़ वोटर लिस्ट लेने को पहुंच गए।
हर कोई पहले वोटर लिस्ट लेना चाहता था, जिससे कई बार धक्कामुक्की भी हुई।
निर्वाचन कार्यालय कर्मी गोपाल, सुनील, अवनीश, ओमप्रकाश, अनिल मिश्रा आदि
ने प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों को वोटर लिस्ट की छाया प्रति उपलब्ध
कराई। वोटर लिस्टें लेने पहुंचे सियाराम ने बताया कि बीएलओ या तहसील में
वोटर लिस्ट मिलने में परेशानी हो रही है।
इस कारण लोगों को जिला
मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही है। वहीं चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग अभिलेख
तैयार करने को वोटर लिस्ट की सत्यापित प्रति पाने के लिए जिला निर्वाचन
कार्यालय पहुंच रहे हैं। सौरिख, हसेरन, नादेमऊ, तिर्वा, ठठिया, मानीमऊ,
गुगरापुर और जलालाबाद क्षेत्र के लोग 10 से 65 किमी का चक्कर लगाकर वोट
लिस्टें लेने पहुंच रहे हैं।