छिबरामऊ(कन्नौज)। क्षेत्र में लगातार डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग अभी भी चौकन्ना नहीं हुआ है। डेंगू की रोकथाम के लिए महकमा ठोस कदम नहीं उठा रहा है। इससे गुस्साए ककरैया मोहल्ले के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
बुधवार को सलोवा जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में ककरैया मोहल्ले के डेंगू पीड़ित लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। योगेंद्र यादव ने बताया कि ककरैया मोहल्ले के नौ व प्रेमपुर क्षेत्र के लगभग चालीस लोग डेंगू से पीड़ित चल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सरकारी आंकड़ों में किसी को डेंगू से पीड़ित नहीं माना जाता है। सरकारी अस्पतालों में प्राइवेट दवाएं मंगवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया गया तो दो नवंबर को सौ शय्या अस्पताल में धरना दिया जाएगा। एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो कन्नौज में सीएमओ का घेराव किया जाएगा।
इस दौरान गोल्डन यादव, कौशलेंद्र सिंह, रमन कोरी, देेवेंद्र प्रजापति, रमाकांत दुबे, रामानंद यादव, गजेंद्र सिंह, रामनरेश, शशी तोमर, पुष्पा चौहान, पप्पन दुबे सहित कई लोग मौजूद रहे।
ये लोग हैं डेंगू से पीड़ित
सपा नेता योगेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मोहल्ला राधानगर निवासी प्रीती, सोनी, वैष्णवी, मोहल्ला ककरैया निवासी देवांश, श्याम तिवारी, यश चौहान, पेंटर, प्रेमपुर निवासी प्रीती, चांदनी, प्रियंका, नीरज, मंजू, राम सिंह, राजेंद्र, अनुष्का, तनुष्का, संगम, अंकित, सपना, संध्या, सर्वेश, रितिक, प्रवीन, अजीत, चंचल, नीतू, नितिन, संजेश, पारुल, दिलीप, रामजी, पुष्पा, सरोजनी, सुमित, तान्या, ऊषा, रामेंद्र, प्रेमलता, रुबी व देवेंद्र डेंगू से पीड़ित हैं।
कैंप लगाकर किया जा रहा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि बुधवार को प्रेमपुर व घिलोई गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाकर मरीजों को दवाओं का वितरण किया है। इनके स्वास्थ्य का भी परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने दवा का भी छिड़काव कराया है। ककरैया मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा।