कन्नौज। सफीपुर जप्ती गांव के सामने जीटी रोड पर दो कारों की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में वृद्धा और उसके नाती की मौत हो गई। आठ लोग घायल हो गए। कार सवार वैवाहिक समारोह से लौट रहे थे। हादसा रविवार रात करीब 12 बजे हुआ है। घायलों में उन्नाव और फतेहगढ़ के दो-दो लोग शामिल हैं। हालत गंभीर होने पर छह लोगों को लखनऊ मेडिकल कालेज और दो को तिर्वा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर निवासी सबा बानो पत्नी जाबिर भगत सिंह नगर ,सिकंदरपुर कोतवाली छिबरामऊ निवासी अपनी सहेली आयशा पुत्री कमरुद्दीन की शादी में शामिल होने छिबरामऊ गई थीं। सबा बानो के साथ में बेटा मोहम्मद खां(सात माह), पिता सदर कोतवाली के सैय्यदपुर सकरी में रहने वाले जहीर अली (65), मां जहीदन (60), भाई हसनान (26), उन्नाव बांगरमऊ के जोगीकोट में रहने वाली बहन की आठ वर्षीय बेटी कनीज फातिमा और 12 वर्षीय रिवायत फातिमा, भतीजा अफगन (16) पुत्र मुशीर भी साथ में थे।
निकाह के बाद रात करीब 12 बजे सभी लोग कार से घर लौट रहे थे। फर्रुखाबाद के नौगांवा निवासी अवधेश और शिवम कार से कानपुर की ओर से आ रहे थे। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में सफीपुर जप्ती के सामने जीटी रोड पर दोनों कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में जहीदन और मोहम्मद खां की मौके पर मौत हो गई। अन्य सभी लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह और दरोगा रणधीर सिंह ने शवों को सड़क से हटाने के बाद घायल अवधेश और शिवम को मेडिकल कालेज तिर्वा में भर्ती कराया। जहीर अली के परिजन मौके पर पहुंच गए। सभी लोगों को लखनऊ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। कार चालक हसनान और रिवायत फातिमा की हालत नाजुक बनी हुई है।