छिबरामऊ(कन्नौज)। कांवरियों के जत्थे से नगर में पूरे दिन जगह-जगह जाम लगता रहा। जलपान कराने की होड़ रही।
गुरुवार को नगर में सुबह से जाम के हालात रहे। फर्रुखाबाद चौराहा, पीपल चौराहा, बरगदिया तिराहे पर कांवरियों के निकलने से दिन भर जाम की स्थिति रही। राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा नगर के मुख्य मार्ग, विशुनगढ़ रोड पर पूरे दिन जाम रहा। फर्रुखाबाद चौराहा, पीपल चौराहा व बरगदिया तिराहा पर पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाने में जुटी रही। नगर में जगह-जगह कांवरियों को जलपान कराया गया। मुस्लिम समाज के युवकों ने भी कांवरियों को जलपान कराया। समाजसेवी मिर्जा मुईन ने कांवरियों को रोककर फलाहार कराया। बम-बम भोले के उद्घोष के साथ मंजिल की तरफ जा रहे कांवरियों को देखने के लिए भीड़ रही। उत्साही युवकों ने कांवरियों को रोककर सेल्फी ली। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार मिश्रा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास करते रहे।
कांवर लेकर रवाना हुई बेटियों की टोली
खड़िनी। कांवर यात्रा के लिए नगर की बेटियां सुबह आठ बजे श्रृंगीरामपुर के लिए रवाना हुईं। पूर्व शिक्षक दिवारी लाल ने पुष्प भेंट कर रवाना किया। आराधना, अर्चना, रूबी, गुंजन, राधा, प्रीती, रजनी, सीमा, दीपू व रामू गुप्ता ने बताया कि वह शाम को फर्रुखाबाद के श्रृंगीरामपुर से जल भरकर शुक्रवार सुबह शिव मंदिर पर जलाभिषेक करेंगे।
पुलिस ने कराया जलपान
सौरिख। सकरावा चौकी पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही पुलिस चेक पोस्ट शरीफाबाद पर कांवरियों को जलपान कराकर फल वितरित किए। इस दौरान चौकी प्रभारी मुकेश राणा, सिपाही राहुल यादव, शिवकांत यादव मौजूद रहे।