जलालाबाद(कन्नौज)। इंटर कालेज में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इससे परिवार में कोहराम मच गया। कर्मचारी के आत्महत्या के पीछे गांव में रहने वाली प्रेमिका के परिजनों के धमकी देने की चर्चा है। पुलिस अधिकारियों ने तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की बात कही है।
गुरसहायगंज कोतवाली की जसोदा चौकी के गांव सियरमऊ निवासी 23 वर्षीय लालू दो साल पहले पिता बलवीर की मौत के बाद आश्रित कोटे से मदन मोहन मालवीय इंटर कालेज गुरसहायगंज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हुआ था। सोमवार रात करीब 11 बजे लालू ने घर में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर मां शशि और बड़े भाई रोहित फर्रुखाबाद के निजी अस्पताल में ले गए। यहां उपचार के दौरान रात करीब दो बजे मौत हो गई।
इलाकाई लोगों के अनुसार लालू के गांव में रहने वाली एक लड़की से प्रेम संबंध थे। वह रविवार को लालू के घर मिलने आई थी। उसके परिजनों ने फोन कर पुलिस को बुला लिया था। गांव के लोगों ने मामला शांत करा दिया था। परिजनों ने लालू को लड़की से न मिलने की धमकी दी थी। इससे उसने आत्महत्या कर ली। लालू के भाई रोहित ने बताया कि भाई को गांव के लोगों ने धमकी दी थी। इससे दहशत में आकर उसने आत्महत्या कर ली। चौकी प्रभारी अमित पोरवाल ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।