कन्नौज। बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। खासकर जोड़ों, घुटनों और कमर दर्द से पीड़ित मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। जिला अस्पताल में मंगलवार को हड्डी रोग विभाग के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। अस्पताल की ओपीडी 706 मरीज पहुंचे, जिसमें सबसे अधिक 160 मरीज हड्डी रोग विभाग में पहुंचे।
सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर बड़ी संख्या में मरीज अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई बुजुर्ग मरीज घुटनों और कमर दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे जबकि युवा वर्ग में भी गर्दन, पीठ और जोड़ों के दर्द के मामले देखने को मिले। उमस भरी गर्मी के कारण मरीज पसीने से तरबतर हालत में अस्पताल पहुंचे और घंटों इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में पहुंचे मरीज सुबोध कुमार, रामदेवी, सोनम का कहना था कि कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदलने के साथ दर्द की समस्या बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय शरीर में जकड़न महसूस हो रही है। पुरानी हड्डी संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
डॉक्टर लोगों को नियमित दवा लेने, पर्याप्त पानी पीने और हल्का व्यायाम करने की सलाह दे रहे हैं। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद ने बताया कि मौसम में बदलाव और बढ़ी नमी के कारण गठिया, जोड़ों के दर्द और पुरानी हड्डी संबंधी समस्याओं वाले मरीजों की तकलीफ बढ़ जाती है। ऐसे मरीजों को नियमित उपचार के साथ सावधानी बरतनी चाहिए।
तेजी से बढ़ रहे एलर्जी के मामले
जिला अस्पताल आयुष विभाग के डॉ. सैय्यद सलमान ने बताया कि उमस और अधिक नमी के कारण फफूंद, धूल कण और अन्य एलर्जी कारक तेजी से सक्रिय हो जाते हैं। इससे त्वचा एलर्जी, खुजली, आंखों में जलन, छींक, खांसी और दमा के मरीज बढ़ जाते हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से एलर्जी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। अधिक परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।