एसडीएम देवेश कुमार गुप्त से वार्ता करते बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा, महासचिव चंद्रज
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर के रोडवेज बस स्टैंड के पास जिम संचालक और अधिवक्ता के बेटे में मारपीट हुई। अधिवक्ता ने जिम संचालक, उसके चार समर्थकों से बेटे से मारपीट करने, रुपये छीनने, तमंचा दिखाते हुए भाग जाने का आरोप लगाया है। इधर, गुस्साए अधिवक्ताओं ने कोतवाली घेर ली। अब पुलिस आरोपी जिम संचालक की तलाश में जुटी है।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव जीतू ने बताया कि बुधवार को सुबह दस बजे के करीब रोडवेज बस स्टॉप के पास जिम संचालक गुड्डन उर्फ आशुतोष तिवारी ने उनके बेटे को बुलाया। वह पहुंच गया। जिम संचालक ने अपने चार साथियों के साथ बेटे से मारपीट कर दी। जेब में पड़े सात सौ रुपये छीन लिए। वह मौके पर पहुंचे तो जिम संचालक हाथ में तमंचा लेकर वहां से भाग गया। मामले की जानकारी से साथी अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा, महासचिव चंद्रजीत यादव, पूर्व महासचिव ललित प्रताप सिंह सहित दर्जनों वकील कोतवाली पहुंच गए।
जानकारी पर एसडीएम देवेश कुमार गुप्त, तहसीलदार अभिमन्यु कुमार और सीओ शिव कुमार थापा भी कोतवाली पहुंचे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जिम को छावनी में तब्दील कर दिया। पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव ने बेटे को सुरक्षा देने की मांग की। इस संबंध में सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवकों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।